Raipur Murder News: रायपुर में फिर मर्डर… इस इलाके में खून से लथपथ मिली युवक की लाश,पत्थर से सिर कुचलकर हत्या
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur Murder News: राजधानी रायपुर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां खमतराई थाना क्षेत्र स्थित डब्ल्यूआरएस कॉलोनी के एक खुले मैदान में एक युवक की खून से लथपथ सुबह लाश मिली। जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में युवक की हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक के सिर पर किसी भारी पत्थर से वार किया गया है, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव के पास खून के निशान और घटनास्थल की परिस्थितियां हत्या की ओर इशारा कर रही है। मृतक की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है, हालांकि उसके दाहिने हाथ पर “RK सारथी” नाम का गुदना बना हुआ मिला है। इसी आधार पर पुलिस मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
Raipur Murder News: घटना की सूचना मिलते ही खमतराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच, डॉग स्क्वॉड और एफएसएल की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और क्षेत्र के लोगों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। इस वारदात ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।




