Raipur News: मुख्यमंत्री निवास के नाम पर पूर्व मंत्री से ठगी की कोशिश, पहले भी एक विधायक हो चुका है शिकार
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur News: छत्तीसगढ़ में जनप्रतिनिधियों को निशाना बनाकर साइबर ठगी की कोशिश का मामला सामने आया है। पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू के अनुसार, उनके पास मोबाइल नंबर 9122166987 से एक कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को ब्लू डार्ट कूरियर का कर्मचारी बताया। कॉलर ने दावा किया कि मुख्यमंत्री निवास से एक पार्सल आया है, लेकिन पता सही नहीं होने के कारण डिलीवरी नहीं हो पा रही है।
बताया गया कि पूर्व मंत्री ने कॉल करने वाले को अपने पीए से बात करने के लिए कहा। इसके बाद आरोपी ने पीए को फोन कर एक विशेष नंबर *21*7404504997# डायल करने के लिए कहा और भरोसा दिलाने की कोशिश की कि ऐसा करने पर पता अपडेट हो जाएगा और पार्सल बंगले तक पहुंचा दिया जाएगा।
हालांकि पीए को कॉलर की बातों पर संदेह हुआ और उन्होंने उसकी बात नहीं मानी। इसके बावजूद कॉलर लगातार विश्वास दिलाने का प्रयास करता रहा। आशंका जताई जा रही है कि यह साइबर ठगी का नया तरीका हो सकता है, जिसमें कॉल फॉरवर्डिंग या अन्य तकनीकी माध्यम से लोगों को निशाना बनाया जाता है।
Raipur News: पूर्व मंत्री ने इस घटना की जानकारी सार्वजनिक करते हुए चेतावनी दी है कि जनप्रतिनिधि और आम नागरिक ऐसे कॉल से सतर्क रहें। उल्लेखनीय है कि विधायक पुरंदर मिश्रा के साथ भी पहले ठगी की घटना हो चुकी है, जिसके चलते इस मामले को गंभीरता से देखा जा रहा है।




