Raipur News: राजधानी के इस कॉलोनी में घर-घर पहुंची पुलिस, 300 से ज्यादा मकानों की हुई जांच, बाहरी और किरायेदारों का किया सत्यापन

रायपुर। Raipur News: राजधानी रायपुर में अपराध नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से पुलिस ने बीएसयूपी कॉलोनियों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 300 से अधिक मकानों की जांच कर बदमाशों, संदिग्ध व्यक्तियों और बाहरी लोगों का सत्यापन किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान में करीब 100 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। यह विशेष जांच अभियान सरस्वती नगर, आमानाका और न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र की बीएसयूपी कॉलोनियों में एक साथ चलाया गया। पुलिस टीमों ने घर-घर पहुंचकर निवासियों से पूछताछ की और क्षेत्र में रहने वाले किरायेदारों एवं बाहर से आकर बसे लोगों की जानकारी जुटाई।
अभियान के दौरान गुंडा-बदमाशों, निगरानीशुदा अपराधियों और आदतन अपराधियों की गतिविधियों की समीक्षा की गई। पुलिस ने उनके वर्तमान निवास, गतिविधियों और आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखते हुए आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय पैदा करना और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखना है। जांच के दौरान कई लोगों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने और स्थानीय थाने में जानकारी अपडेट करने के निर्देश दिए गए।
Raipur News: अभियान के अंत में पुलिस ने क्षेत्र के अपराधियों और संदिग्ध प्रवृत्ति के लोगों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था भंग करने या किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में भी इस तरह के विशेष सत्यापन और चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे।





