[t4b-ticker]
Advertisement
छत्तीसगढ़ब्यूरोक्रेट्स

Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री सचिवालय में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, अधिकारियों के बीच हुआ नए सिरे से कार्य विभाजन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव  साय के सचिवालय में अधिकारियों के कार्यों और विभागों के पुनर्वितरण को लेकर नया आदेश जारी किया गया है। मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर से जारी आदेश में सचिवालय में पदस्थ अधिकारियों के बीच विभागवार जिम्मेदारियों का नया बंटवारा किया गया है। इसके साथ ही संभागवार निगरानी और समन्वय के लिए नोडल अधिकारियों की भी नियुक्ति की गई है।

जारी आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह को मंत्रिपरिषद, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड, विशेष परियोजनाओं, समन्वय और प्रशासनिक मामलों की जिम्मेदारी दी गई है। उनके पास सामान्य प्रशासन, वित्त, खनिज, विधि एवं विधायी कार्य, वाणिज्य एवं उद्योग, गृह, जेल, परिवहन, पर्यटन, संस्कृति, खेल एवं युवा कल्याण सहित कई महत्वपूर्ण विभागों का प्रभार रहेगा।

वहीं सचिव मुकेश कुमार बंसल को मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा के साथ जनसंपर्क, कृषि एवं किसान कल्याण, पशुधन विकास, मत्स्य पालन, सहकारिता, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, ऊर्जा, जल संसाधन तथा वन एवं जलवायु परिवर्तन विभागों से जुड़े मामलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सचिव पी. दयानंद को मुख्यमंत्री सहायता कोष, विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना, सामाजिक एवं स्वैच्छिक संगठनों से जुड़े मामलों के साथ लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा और संसदीय कार्य विभाग का प्रभार दिया गया है।

सचिव राहुल भगत को मुख्यमंत्री निवास से संबंधित समन्वय कार्य, बिल भुगतान और अन्य प्रशासनिक दायित्व सौंपे गए हैं। साथ ही कोंडागांव और जशपुर जिलों के विकास कार्यों की समीक्षा की जिम्मेदारी भी उन्हें दी गई है।

विशेष सचिव रजत बंसल को सुशासन तिहार, सूचना का अधिकार, सांसद-विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से जुड़े मामलों के साथ पंचायत एवं ग्रामीण विकास, आवास एवं पर्यावरण, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा और विमानन विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा संयुक्त सचिव प्रभात मलिक को जनदर्शन, जनशिकायत, मुख्यमंत्री के समय प्रबंधन और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, नगरीय प्रशासन, सूचना प्रौद्योगिकी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, कौशल विकास एवं रोजगार सहित कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी दी गई है।

संभागवार भी तय हुई जिम्मेदारी

आदेश के अनुसार रायपुर संभाग के लिए मुकेश कुमार बंसल, बिलासपुर के लिए पी. दयानंद, बस्तर के लिए राहुल भगत, सरगुजा के लिए रजत बंसल और दुर्ग संभाग के लिए प्रभात मलिक को नोडल अधिकारी बनाया गया है। ये अधिकारी अपने-अपने संभागों में शासन की योजनाओं, महत्वपूर्ण कार्यक्रमों और आपात स्थितियों की निगरानी एवं समीक्षा करेंगे।

मुख्यमंत्री सचिवालय ने स्पष्ट किया है कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए शासन के निर्देशों के अनुरूप जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।

 

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Close