Raipur Hit and Run: राजधानी में हिट एंड रन का मामला, मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, हालत गंभीर

हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur Hit and Run: राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में 24 मई रविवार सुबह 7 बजे एक दर्दनाक हिट एंड रन का मामला सामने आया है। घटना महावीर नगर स्थित उद्योग भवन के सामने सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है, जहां एक तेज रफ्तार ग्रे कलर की आर्टिगा कार ने सड़क पर जा रही महिला को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए घायल महिला को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर लिटाया और तत्काल एम्बुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और महिला को इलाज के लिए अस्पताल रवाना किया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घायल महिला संभवतः मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं और आसपास की कॉलोनी की रहवासी हो सकती हैं। फिलहाल महिला की पहचान और परिजनों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
Raipur Hit and Run: वहीं, घटना के बाद तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में जुट गई है, ताकि फरार आर्टिगा कार और चालक की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जा सके।




