Raipur Chakubaji: राजधानी में रात के अंधेरे में हत्या से सनसनी, चाकू गोदकर युवक को सड़क किनारे खून से लथपथ फेंका, इलाज के दौरान मौत

हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur Chakubaji: राजधानी रायपुर से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां पैसों के लेनदेन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आमासिवनी बस्ती में एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया गया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों और एक नाबालिग को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक, रात्रि जोनल गश्त के दौरान रात करीब 2 बजे पुलिस को सूचना मिली कि आमासिवनी बस्ती में एक व्यक्ति खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां सुकृत खांडे उम्र 35 वर्ष निवासी पीएम आवास आमासिवनी गंभीर हालत में मिला। पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को मर्चुरी में शिफ्ट कर दिया गया।
Raipur Chakubaji : प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में आरोपियों ने आक्रोशित होकर सुकृत खांडे पर चाकू से हमला किया और मौके से फरार हो गए। पुलिस की पतासाजी में मामले में शामिल राकेश गुप्ता उर्फ पानी, देवदास उर्फ हड्डी बंजारे, विक्की साहू और एक नाबालिग का नाम सामने आया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को अभिरक्षा में ले लिया है। फिलहाल मृतक के परिजनों को बुलाकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।




