Petrol-Diesel Crash: बढ़ी मांग के बीच सरकार अलर्ट, कहा-‘पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक, घबराने की जरूरत नहीं’

रायपुर। Petrol-Diesel Crash: छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर बड़ा अपडेट जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि राज्य में ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है और लोगों को किसी भी तरह की घबराहट में आने की जरूरत नहीं है। सरकार ने आम जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने और पैनिक बाइंग से बचने की अपील की है।
सरकार के मुताबिक वर्तमान में प्रदेश में करीब 3.28 करोड़ लीटर पेट्रोल और 7.75 करोड़ लीटर डीजल उपलब्ध है। बढ़ती मांग को देखते हुए सभी ऑयल कंपनियों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सप्लाई व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार 13 और 14 मई के दौरान प्रदेश में पेट्रोल की मांग में करीब 43 प्रतिशत और डीजल की मांग में 22 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। अचानक बढ़ी खपत के बावजूद सरकार और ऑयल कंपनियां मिलकर लगातार सप्लाई बनाए हुए हैं।
रायपुर, कोरबा सहित प्रदेश के प्रमुख डिपो से अब दो शिफ्टों में ईंधन की आपूर्ति की जा रही है। करीब 370 टैंकरों के जरिए विभिन्न जिलों तक पेट्रोल और डीजल पहुंचाया जा रहा है ताकि कहीं भी कमी की स्थिति न बने।
Petrol-Diesel Crash: राज्य सरकार ने कहा है कि सप्लाई चेन पूरी तरह सामान्य है और प्रदेश में ईंधन संकट जैसी कोई स्थिति नहीं है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल खरीदें और अनावश्यक भंडारण से बचें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को सुचारु रूप से ईंधन उपलब्ध हो सके।




