RTI School Admission: RTE के तहत निजी स्कूलों में एडमिशन इस दिन से शुरू, हजारों बच्चों को फिर मिलेगा मुफ्त शिक्षा का मौका

हिमांशु पटेल/रायपुर। RTI School Admission: राजधानी रायपुर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां छत्तीसगढ़ प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन ने अपने पहले के फैसले में बड़ा बदलाव किया है। निजी स्कूलों में शिक्षा के अधिकार यानी आरटीई के तहत इस साल प्रवेश नहीं देने के निर्णय को अब वापस ले लिया गया है। इस फैसले से वंचित और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है।
जानकारी के मुताबिक, 18 मई से प्रदेशभर के सभी निजी स्कूलों में आरटीई के तहत प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इससे उन हजारों अभिभावकों की चिंता कम हुई है, जो अपने बच्चों के दाखिले को लेकर परेशान थे। पहले निजी स्कूल प्रबंधन ने आरटीई प्रवेश को लेकर असहमति जताई थी और प्रवेश नहीं देने का निर्णय लिया था, लेकिन अब संगठन ने विद्यार्थियों के हित को देखते हुए अपना रुख बदल लिया है।
RTI School Admission: हालांकि, छत्तीसगढ़ प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन ने यह भी स्पष्ट किया है कि उनका असहयोग आंदोलन फिलहाल जारी रहेगा। संगठन की मांग है कि शासकीय स्कूलों में प्रति विद्यार्थी होने वाले खर्च और राशि को सार्वजनिक किया जाए, ताकि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे। फिलहाल, इस फैसले के बाद प्रदेश के हजारों बच्चों को निजी स्कूलों में प्रवेश का रास्ता साफ हो गया है।




