CG Weather News: राजधानी में आंधी-तूफान का कहर, शहर हुआ ब्लैकआउट, तेज बारिश हवाओं से गिरे पेड़ और बिजली के खंभे

रायपुर। CG Weather News: रायपुर में शनिवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी-तूफान के साथ हुई बारिश ने पूरे शहर की रफ्तार थाम दी। तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश के चलते राजधानी के कई इलाकों में ब्लैकआउट की स्थिति बन गई। शहर के प्रमुख मार्गों पर पेड़ गिरने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ, वहीं कई जगह बिजली के खंभे गिरने से घंटों तक बिजली आपूर्ति बंद रही।
जानकारी के मुताबिक वीआईपी रोड, शंकर नगर, मोवा समेत कई इलाकों में तेज हवा के कारण बड़े पेड़ सड़क पर गिर पड़े, जिससे लंबा जाम लग गया। वीआईपी रोड पर पेड़ गिरने के कारण एक सड़क दुर्घटना भी हुई, हालांकि हादसे में किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं मिली है।
आंधी-तूफान का असर बिजली व्यवस्था पर भी देखने को मिला। कई इलाकों में बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके कारण देर रात तक लोग अंधेरे में रहे। बिजली विभाग और नगर निगम की टीमें लगातार राहत और बहाली कार्य में जुटी रहीं। जेसीबी और कर्मचारियों की मदद से सड़कों से गिरे पेड़ों को हटाया गया और बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया गया।
CG Weather News: तेज बारिश के चलते शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बनी, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज हवा और बारिश की संभावना जताई है।





