Bijapur News: सुरक्षाबलों को मिली सफलता, सर्चिंग अभियान के दौरान माओवादियों का बंकर समेत संदिग्ध सामग्री बरामद
बीजापुर। Bijapur News: बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को माओवादी गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। सोमवार 11 मई 2026 को गंगालूर थाना क्षेत्र के डोडीतुमनार पटेलपारा पहाड़ी इलाके में सर्चिंग अभियान के दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, हथियार, बैटरी और अन्य सामान बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस सहायता केंद्र पीडिया और थाना गंगालूर की संयुक्त टीम ने जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाशी के दौरान जमीन के अंदर माओवादियों द्वारा पूर्व में छिपाकर बनाया गया एक बंकर मिला।सुरक्षा जांच और डिमाइनिंग कार्रवाई के बाद बंकर से बड़ी मात्रा में संदिग्ध सामग्री बरामद की गई।
Bijapur News:जब्त सामान में होंडा कंपनी के दो जनरेटर, दो लेथ मशीन, एक इन्वर्टर, चार बड़ी बैटरियां, एक छोटी बैटरी, आठ सोलर प्लेट, एक मोटर, एक वेल्डिंग मशीन, एक ड्रिल मशीन, एक देशी बीजीएल लॉन्चर, 29 बीजीएल सेल, करीब 50 मीटर कॉर्डेक्स वायर और दो प्लास्टिक ड्रम शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद सामग्री का इस्तेमाल माओवादी गतिविधियों और विस्फोटक तैयार करने में किया जा सकता था। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है और इलाके में सर्चिंग अभियान तेज कर दिया गया है।




