12वीं पेपर लीक मामले में जांच शुरू, पुलिस और साइबर सेल में FIR दर्ज, सोशल मीडिया में वायरल हुआ था हिंदी का पर्चा

रायपुर। CG Board Paper Leak: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 12वीं के हिंदी विषय का पेपर लीक होने के आरोप पर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, पेपर लीक की संभावना को देखते हुए पुलिस और साइबर सेल में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर जो हस्तलिखित पर्चा वायरल हुआ है, उसके प्रश्न स्पष्ट रूप से पठनीय नहीं हैं, जिससे मामले की सत्यता की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस और साइबर सेल मामले की जांच कर रहे हैं और जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि पेपर लीक हुआ है या नहीं।
वहीं दूसरी ओर NSUI ने 12वीं बोर्ड के हिंदी पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। जानकारी के मुताबिक बड़ी संख्या में NSUI कार्यकर्ता छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
CG Board Paper Leak: कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कक्षा 12वीं के हिंदी विषय का प्रश्न पत्र लीक हुआ है, जिसको लेकर वे जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इधर माध्यमिक शिक्षा मंडल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थिति को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।





