अब कैसी है पंडवानी गायिका तीजन बाई की तबीयत, गृहग्राम पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम, डॉक्टरों ने दी ये सलाह
दुर्ग। Teejan Bai Health Update: छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका और पद्म विभूषण से सम्मानित तीजन बाई इन दिनों स्वास्थ्य कारणों से आराम कर रही हैं। दुर्ग जिले के गनियारी गांव स्थित अपने पैतृक घर में रह रही 78 वर्षीय तीजन बाई फिलहाल बेडरेस्ट पर हैं। उनकी सेहत पर स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार नजर बनाए हुए है। शनिवार को डॉक्टरों की टीम उनके गांव पहुंची और नियमित स्वास्थ्य जांच की।
जांच के दौरान चिकित्सकों ने पाया कि उनका ब्लड प्रेशर सामान्य से थोड़ा कम है और भोजन कम लेने की वजह से शरीर में कमजोरी भी महसूस हो रही है। डॉक्टरों ने परिजनों को उनकी डाइट बढ़ाने और विशेष देखभाल करने की सलाह दी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति पहले की तुलना में बेहतर बताई जा रही है।
एहतियात के तौर पर चिकित्सकों ने उन्हें रायपुर स्थित एम्स में मेडिसिन, कार्डियोलॉजी और न्यूरोलॉजी विशेषज्ञों से विस्तृत जांच कराने की सलाह दी है। साथ ही उनकी शारीरिक कमजोरी को दूर करने के लिए फिजियोथेरेपी भी कराई गई। भिलाई-3 स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. शिखर अग्रवाल के अनुसार, तीजन बाई की हर दो महीने में एम्स में नियमित जांच होती है और पिछली बार उनका चेकअप 5 फरवरी को हुआ था।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर उनके अस्पताल में भर्ती होने और हालत गंभीर होने की खबरें अफवाह हैं। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है और उनकी स्थिति स्थिर है। बताया गया कि वर्ष 2024 में उन्हें पैरालिसिस का अटैक आया था। वहीं नवंबर 2025 में तबीयत बिगड़ने पर जिला प्रशासन की पहल पर उन्हें एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया था।
Teejan Bai Health Update: तीजन बाई छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोककला पंडवानी की सबसे प्रसिद्ध कलाकारों में शामिल हैं। अपनी सशक्त आवाज और विशिष्ट प्रस्तुति शैली से उन्होंने इस लोककला को देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी पहचान दिलाई है। कपालिक शैली की प्रमुख गायिका के रूप में वे अब तक करीब 17 देशों में प्रस्तुति दे चुकी हैं। कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण जैसे देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान मिल चुके हैं।



