होली के पहले रुझान शुरू, चेकिंग के दौरान नशे में धुत्त मिले 130 वाहन चालक, कई गाड़ियां जब्त
रायपुर। Raipur News: होली के रंगों से पहले राजधानी रायपुर में पुलिस ने सख्ती के रंग दिखाने शुरू कर दिए हैं। यातायात कमिश्नरेट रायपुर द्वारा होली पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस उपायुक्त यातायात श्री विकास कुमार के निर्देश पर शहरभर में 42 चेकिंग पॉइंट बनाए गए, जहां शाम से देर रात तक ब्रीथ एनालाइजर के जरिए सघन जांच की गई।

इस ताबड़तोड़ कार्रवाई में 130 नशेड़ी वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। इनमें 39 कार, 73 मोटरसाइकिल, 3 ट्रक और 15 टाटा एस व ई-रिक्शा शामिल हैं। सभी वाहनों को जप्त कर यातायात थानों में सुरक्षित खड़ा किया गया है। होली के बाद इन प्रकरणों को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां 10 से 15 हजार रुपए तक का अर्थदंड लगाया जा सकता है।
Raipur News: पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर होली तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस की अपील साफ है- नशे में वाहन न चलाएं, तेज रफ्तार से बचें और होली के त्योहार को सुरक्षित व सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाएं। समझदारी दिखाएं, सुरक्षित रहें।



