रायगढ़ में भीषण सड़क हादसा,हाईवा और ट्रेलर की जोरदार टक्कर,जिन्दा जले ड्राइवर

प्रविंस मनहर/रायपुर – रायगढ़ जिले के घरघोड़ा से कुडुमकेला के बीच कुरकुट नाला के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हाईवा और ट्रेलर की आमने-सामने जोरदार टक्कर में दोनों वाहनों के चालक केबिन के भीतर ही जिंदा जल गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि पलक झपकते ही दोनों गाड़ियां आग के गोले में बदल गईं।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भिड़ंत के तुरंत बाद आग की लपटें आसमान छूने लगीं। केबिन पूरी तरह जाम हो जाने से चालक बाहर निकलने का मौका तक नहीं पा सके। आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े,लेकिन आग की भयावहता के आगे बेबस नजर आए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है। केबिन से जले हुए अवशेष निकालने और मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। हादसे के कारण रायगढ़–घरघोड़ा मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। पुलिस द्वारा डायवर्जन की व्यवस्था की जा रही है।




