वित्तीय स्वीकृति पर सदन में हंगामा, वित्त मंत्री के असंतोषजनक जवाब से गहमागहमी, कांग्रेस ने किया वॉकआउट
रायपुर। CG Budget 2026-27: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का पांचवा दिन रहा। सत्र की शुरूआत प्रश्नकाल के साथ हुई। वहीं इस दौरान सत्र में वित्तीय स्वीकृति के मुद्दे पर सदन में गरमाहट देखने को मिली। वित्त मंत्री के असंतोषजनक जवाब से नाराज होकर कांग्रेस के विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर विरोध जताया।
बता दें कि, प्रश्नकाल के दौरान विधायक संगीता सिन्हा ने वित्त मंत्री ओपी चौधरी से सवाल करते हुए पूछा कि, 2023 से अब तक बजट में सम्मिलित कार्य हैं वो वित्त विभाग में क्यों रूका हुआ है। उन्होंने कहा कि, किन-किन विभागों की फाइलें वित्त विभाग में लंबित हैं और स्वीकृति में देरी क्यों हो रही है। इस पर जवाब देते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने स्पष्ट किया कि कोई भी कार्य वित्त विभाग में लंबित नहीं है।
उन्होंने कहा कि, हमारी सरकार की स्पष्ट मंशा है कि हम कोई कार्य पेंडिंग न रखकर उसे ज्यादा से ज्यादा कर सके। इसके लिए नवीन मद की राशि भी बढ़ा दी गई है। मशीन उपकरण को 50 हजार से बढ़ाकर 1 करोड़ कर दिए हैं। प्रशासकीय स्वीकृति 2 करोड़ से बढ़ाकर 5 करोड़ बढ़ा दी गई है।विधायक ने कहा कि 18 करोड़ को जो स्वीकृति है, वो तो आप दे सकते हैं. इस पर मंत्री ने जवाब दिया कि विभाग सबकुछ तो करता है।
CG Budget 2026-27: भूपेश बघेल ने कहा कि वित्त मंत्री जी काफी उदार है। आप घोषणा कर दीजिए, हम भी आपका स्वागत कर देंगे. मंत्री ने दोहराया कि सबकी एक पद्धति होती है। भूपेश बघेल ने कहा कि आप सब कह दे रहे हैं, लेकिन स्वीकृति नहीं दे पा रहे हैं। वित्त मंत्री के जवाब से असंतुष्ट होकर विपक्ष ने वॉक आउट किया। विपक्ष का कहना है कि वित्त मंत्री के जवाब पर्याप्त और संतोषजनक नहीं थे, जिसके चलते उन्होंने विरोध स्वरूप सदन से बाहर जाने का निर्णय लिया।




