BJP के इस पूर्व विधायक पर लगे यौन शोषण के गंभीर आरोप!, सियासी हलकों में मची हलचल
खैरागढ़। Komal Janghel EX MLA: खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक कोमल जंघेल इन दिनों एक अज्ञात महिला द्वारा लगाए गए यौन शोषण जैसे गंभीर आरोपों के चलते चर्चा में हैं। मामला सामने आते ही राजनीतिक और सामाजिक सर्किल में हलचल बढ़ गई है। वहीं इस मामले में अभी तक कोई औपचारिक पुष्टि नहीं हुई है। न तो पुलिस प्रशासन ने कोई बयान जारी किया है और न ही किसी प्राथमिकी (FIR) की सार्वजनिक पुष्टि हुई है।
पूर्व विधायक का बयान
कोमल जंघेल ने आरोपों को पूरी तरह अस्वीकार किया है। उनका कहना है कि, उन्हें इस प्रकार की किसी शिकायत की पूर्व जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि, यह खबरें केवल प्रिंट और वेब पोर्टल पर प्रकाशित होने के बाद उन्हें ज्ञात हुई। जंघेल ने कहा कि, ये सभी दावे निराधार और झूठे हैं। उन्होंने इसे उनकी राजनीतिक छवि को नुकसान पहुँचाने के लिए रची गई साजिश करार दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि वे लंबे समय से जनता के हित में काम करते रहे हैं, और उनकी लोकप्रियता से परेशान कुछ लोग उन्हें बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं।
Komal Janghel EX MLA: सूत्रों के अनुसार, प्रशासनिक स्तर पर जांच शुरू हो चुकी है। हालांकि जांच किस एजेंसी या किस स्तर पर हो रही है, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। संवेदनशील प्रकृति वाले इस प्रकरण में केवल तथ्य और साक्ष्य सामने आने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल राजनीतिक गलियारों में चर्चा जोरों पर है और सबकी निगाहें जांच के निष्कर्ष पर टिकी हुई हैं।




