अबूझमाड़ और जगरगुंडा में 100 करोड़ की राशि से बनेगी एजुकेशन सिटी, पर्यटन को बढ़ावा देने 5 करोड़ के बजट का प्रावधान
रायपुर। CG Budget 2026-27: राज्य सरकार ने बजट में बस्तर और सरगुजा संभाग के समग्र विकास के लिए कई अहम घोषणाएं की हैं। सरकार द्वारा बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिल रहा है। बस्तर–सरगुजा ओलंपिक की निरंतरता बनाए रखने के लिए 500 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। अबूझमाड़ के जगरगुंडा में 100 करोड़ रुपये की लागत से एजुकेशन सिटी का निर्माण किया जाएगा। सरकार का दावा है कि बस्तर का युवा अब अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाएगा।
डिजिटल और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम
वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि, एक समय नेटवर्क सुविधा के लिए संघर्ष करने वाले बस्तर क्षेत्र में अब केंद्र सरकार द्वारा 500 नए मोबाइल टावर स्थापित करने का प्रावधान किया गया है। बस्तर और सरगुजा दोनों ही भौगोलिक दृष्टि से बड़े संभाग हैं, इसे ध्यान में रखते हुए कनेक्टिविटी पर विशेष जोर दिया गया है।
परिवहन और पर्यटन
CG Budget 2026-27: मुख्यमंत्री बस योजना के अंतर्गत 70 नई बसों का संचालन शुरू किया जा रहा है। इस योजना के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही कहा गया कि,पहले भय के कारण लोग बस्तर जाने से परहेज करते थे, लेकिन अब इसे पर्यटन के रूप में विकसित किया जा रहा है। सरगुजा अंचल के मैनपाट में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 5 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। सरकार का कहना है कि बस्तर और सरगुजा दोनों संभागों में एक नई सोच और समावेशी विकास मॉडल के साथ आगे बढ़ा जा रहा है।




