छत्तीसगढ़ में SIR की प्रक्रिया पूरी, जारी हुई अंतिम मतदाता सूची, 25 लाख वोटरों के नाम कटे
रायपुर। Chhattisgarh SIR Update: छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसके साथ ही अंतिम निर्वाचक नामावली जारी कर दी गई है। इस अभियान के दौरान बड़ी संख्या में फर्जी, मृत एवं दोहराव वाले मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए।
बता दें कि, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने बताया कि पुनरीक्षण अभियान में लगभग 24 लाख 99 हजार से अधिक नाम विलोपित किए गए। अब राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या 1,87,30,914 दर्ज की गई है। उन्होंने इस प्रक्रिया में सहयोग देने के लिए नागरिकों का आभार भी जताया।
पुनरीक्षण शुरू होने से पहले कुल 2,12,30,737 मतदाता दर्ज थे लेकिन प्रारूप सूची जारी होने के बाद यह संख्या घटकर 1,84,95,920 हो गई। इसके बाद दावे-आपत्तियों के निपटारे के बाद अंतिम सूची में कुल 1,87,30,914 मतदाता हो गए। वहीं अंतिम चरण में सुनवाई के पश्चात 2,34,994 नए नाम जोड़े गए। पूरी कवायद के दौरान बड़े पैमाने पर अपात्र और संदिग्ध प्रविष्टियों को हटाकर मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और शुद्ध बनाया गया है।
पारदर्शिता पर जोर
वहीं इस विशेष पुनरीक्षण अभियान के बाद मतदाता सूची पहले की तुलना में अधिक पारदर्शी और भरोसेमंद हो गई है। अधिकारियों का कहना है कि इससे आने वाले चुनावों में निष्पक्ष और स्वच्छ मतदान प्रक्रिया को मजबूती मिलेगी। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची को अपडेट और शुद्ध करने की कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार मिल सके और अपात्र या फर्जी नामों को हटाया जा सके।
नाम जुड़वाने या संशोधन की प्रक्रिया
Chhattisgarh SIR Update: इसके साथ ही अगर किसी व्यक्ति का नाम अंतिम प्रकाशित सूची में शामिल नहीं है तो वे फॉर्म-6 भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत कर सकता है। वहीं अगल सूची में कोई गलती है तो उसे सुधारने के लिए फॉर्म 8 भरकर आवश्यक दस्तावेज़ों के साथ ऑनलाइन या ऑफलाइन सुधार के लिए आवेदन किया जा सकता है।






