
प्रविंस मनहर/रायपुर – बलरामपुर जिला में एक गंभीर मामला सामने आया है,जहां एसडीएम पर कार्रवाई के दौरान एक बुजुर्ग की मौत का आरोप लगा है। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश का माहौल है। मामला कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत हंसपुर का बताया जा रहा है।आरोप है कि एसडीएम करुण कुमार अपनी टीम के साथ अवैध बॉक्साइट उत्खनन की सूचना पर रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे मौके पर पहुंचे थे। उनके साथ सामरी के नायब तहसीलदार पारस शर्मा भी मौजूद थे।
ग्रामीणों का आरोप है कि खेत से घर लौट रहे तीन ग्रामीणों रामनरेश राम,अजीत उरांव,और आकाश अगरिया,को टीम ने रास्ते में रोका और बिना किसी पूछताछ के लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। इस घटना में 62 वर्षीय रामनरेश राम की मौत हो गई,जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों का उपचार जारी है। घटना के बाद हंसपुर सहित आसपास के गांवों में तनाव की स्थिति बन गई है। हालात की गंभीरता को देखते हुए कुसमी क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।




