
प्रविंस मनहर/रायपुर – बालोद जिला से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बीती रात डौंडीलोहारा नगर के पुराना अस्पताल के पास तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से 14वीं बटालियन में पदस्थ एक जवान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सफेद रंग की आई-20 कार ने जवान को टक्कर मारने के बाद करीब 200 मीटर से अधिक दूरी तक सड़क पर घसीटा। हादसा इतना भीषण था कि जवान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि कार में दो से अधिक लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही डौंडीलोहारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Advertisement




