GATE परीक्षा में नकल कराने वाले हाईटेक गिरोह का रायपुर पुलिस ने किया पर्दाफाश

प्रविंस मनहर/रायपुर – राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित परीक्षा GATE में नकल कराने वाले बड़े गिरोह का रायपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। राजधानी में पहली बार हाईटेक तरीके से नकल करने का खुलासा हुआ है। घटना सरोना इलाके की है जहाँ पर परीक्षा केंद्र के बाहर बैठकर 3 लोग इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की मदद से अंदर बैठे तीन अभ्यार्थियों से परीक्षा में आए सवाल पूछकर उनका जवाब गूगल में ढूंढकर बता रहे थे। पुलिस ने रंगे हाथों बाहर बैठे गिरोह के सदस्यों को पकड़ा उसके बाद अंदर परीक्षा में बैठे अभ्यार्थियों को हिरासत में लिया और उनकी जाँच करने पर उनके कान में हाईटेक ब्लूटूथ डिवाइस मिला। अभ्यार्थियों में एक व्यक्ति नौकरी करता था बाकी के दो आरोपी B टेक से M टेक करने के लिए गेट की परीक्षा दे रहे थे। गिरोह हरियाणा से जुड़ा हुआ है गिरोह के सदस्यों ने अभ्यार्थियों से परीक्षा में नक़ल करने के लिए दो से ढाई लाख रूपए की मांग किए थे।




