फर्जी APK चालान और SMS, OTP से ठगी करने वाला गिरोह गिरफ्तार, पुलिस गिरफ्त में आते ही खुले कई राज
रायपुर। Raipur Cyber Fraud: राजधानी रायपुर में साइबर ठगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रेंज साइबर थाना पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत यह सफलता मिली है।
बता दें कि, मामला तब सामने आया जब प्रार्थी धर्मेंद्र सिंह के मोबाइल पर RTO e-challan के नाम से एक SMS आया। लिंक पर क्लिक करते ही उनके खाते से 4 लाख 52 हजार रुपये साफ हो गए। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी यूट्यूब और सोशल मीडिया पर Task Complete, Instant Bonus जैसे लालच देकर Winmate और Wingo जैसे अनधिकृत ऐप डाउनलोड करवाते थे। ऐप इंस्टॉल होते ही पीड़ित के फोन से फर्जी SMS भेजे जाते, जिनके लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक और रकम पार हो जाते थे।
Raipur Cyber Fraud: वहीं ये आरोपी ठगी के पैसे को छिपाने के लिए बदमाश Swiggy और Instamart से सामान खरीदकर अलग-अलग राज्यों में मंगाते थे। गिरफ्तार आरोपियों में पृथ्वी बिश्नोई और नरसिंह सिंह शामिल हैं। पुलिस ने मोबाइल, सिम और बैंक खातों को जब्त किया है। इस दौरान पुलिस ने जनता से अपील की है अनजान लिंक पर क्लिक न करें। ठगी होते ही तुरंत 1930 पर कॉल करें।



