राजधानी में मिलीभगत का खेल! बिना टेंडर-वर्क ऑर्डर के 5 करोड़ का काम शुरू, कांग्रेस ने उठाए सवाल
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Congress Press Conference: कांग्रेस ने राजधानी रायपुर में एक प्रेसवार्ता कर राज्य सरकार पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि 10 जनवरी को राजधानी के साइंस कॉलेज मैदान में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में होने जा रहे सामूहिक विवाह आयोजन में भारी अनियमितताएं की गई है।
कांग्रेस का कहना है कि, इस आयोजन में भी जम्बूरी कार्यक्रम की तर्ज पर भ्रष्टाचार किया गया है। आरोप है कि, नियमों को ताक पर रखकर ठेका प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही टेंट, पंडाल और अन्य व्यवस्थाएं तैयार कर ली गईं। कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि जब अब तक निविदा और वर्क ऑर्डर जारी नहीं हुआ, तो किस आधार पर आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गईं।
Congress Press Conference: प्रेसवार्ता में कांग्रेस महामंत्री मलकित सिंह गैंदू, सुबोध हरितवाल सहित कांग्रेस के प्रवक्ता मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि, सरकारी आयोजनों को कमीशनखोरी और चहेते ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने का माध्यम बनाया जा रहा है। कांग्रेस ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है और कहा है कि, यदि जांच नहीं हुई तो पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी। कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि, गरीब और जरूरतमंद परिवारों के नाम पर होने वाले आयोजनों में भ्रष्टाचार बेहद शर्मनाक है और सरकार को इसका जवाब जनता को देना होगा।




