कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद रायपुर में पहली अहम कार्यशाला, पुलिस को मिले पावर अधिकार के उपयोग को लेकर कमिश्नर देंगे मंत्र
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur News: राजधानी रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद रायपुर में पहली अहम कार्यशाला का आयोजन किया गया है। यह कार्यशाला सिविल लाइन स्थित C4 बिल्डिंग में प्रारंभ हो चुकी है, जो दो दिनों तक चलेगी। इस कार्यशाला में कार्यपालिक मजिस्ट्रेट और पुलिस कमिश्नर की विशेष मौजूदगी है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अपराधों की विवेचना को और अधिक मजबूत, वैज्ञानिक और प्रभावी बनाना है।
कार्यशाला के दौरान गंभीर और संवेदनशील अपराधों की गहराई से जांच कैसे की जाए, इस पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया जा रहा है। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट कार्यशाला में पुलिस अधिकारियों को विवेचना को सुदृढ़ करने के महत्वपूर्ण मंत्र दे रहे हैं, ताकि जांच में किसी भी तरह की कानूनी कमी न रह जाए और अपराधियों को सख्त सजा दिलाई जा सके।
Raipur News: इस दो दिवसीय कार्यशाला में जिले के सभी डीसी, एडीसी, एडीसीपी और एसीपी स्तर के अधिकारी शामिल हुए हैं। पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली के तहत यह कार्यशाला भविष्य में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।माना जा रहा है कि इस प्रशिक्षण से रायपुर पुलिस की कार्यप्रणाली और विवेचना की गुणवत्ता में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।




