राजधानी के शराब दुकान में पुलिस की ऐसे छापेमारी, खरीदने पहुंचे लोगों में मचा हड़कंप, अवैध शराब का स्टॉक किया जब्त
रायपुर। Raipur News: राजधानी रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस लगातार एक्शन मोड में नजर आ रही है। इसी कड़ी में पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर के निर्देश पर असामाजिक तत्वों, गुंडा-बदमाशों और संदिग्धों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा, प्रशिक्षु आईपीएस सुश्री मानसी नानाभाऊ साकोरे एवं थाना प्रभारियों के नेतृत्व में उरला, खमतराई, गुढ़ियारी, खम्हारडीह और पण्डरी थाना क्षेत्रों में पैदल पेट्रोलिंग की गई। इस दौरान शराब भठ्ठी, मुर्रा भठ्ठी, मछली तालाब, गोगांव और सतनामी पारा जैसे संवेदनशील इलाकों में संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग की गई।
अभियान के दौरान थाना उरला क्षेत्र से 34 पौवा देशी शराब के साथ आरोपी सोनू शाह को गिरफ्तार किया गया, जबकि थाना खमतराई क्षेत्र में दोपहिया वाहन से 92 पौवा देशी शराब परिवहन करते आरोपी राहुल निषाद को पकड़ा गया। दोनों मामलों में आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
Raipur News: वहीं नॉर्थ जोन की शराब दुकानों पर आकस्मिक छापेमार कार्रवाई कर शराब खरीदने आए लोगों की जेब तलाशी भी ली गई। चाकू जैसे हथियारों की जांच इसलिए की जा रही है क्योंकि पूर्व में शराब दुकानों के आसपास चाकूबाजी और हत्या जैसी गंभीर वारदातें हो चुकी हैं। पुलिस का साफ संदेश है—कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।




