रायपुर में दिनदहाड़े चोरी से हड़कंप, कार का शीशा तोड़कर 10 लाख कैश व लैपटॉप चुरा ले गए चोर, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
रायपुर। Raipur News: राजधानी रायपुर में दिनदहाड़े हुई बड़ी चोरी की वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। देवेंद्र नगर स्थित अपोलो डायग्नोस्टिक के सामने खड़ी एक कार का कांच तोड़कर अज्ञात चोरों ने करीब 10 लाख रुपये नकद, लैपटॉप, टैब और हार्ड डिस्क चोरी कर ली। यह पूरी घटना गंज थाना क्षेत्र की है, जहां बेखौफ चोरों ने भीड़भाड़ वाले इलाके में वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित कार मालिक कुछ समय के लिए वाहन छोड़कर पास ही गए हुए थे, इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर कार का शीशा तोड़ा और उसमें रखी कीमती सामग्री लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में 4 से 5 संदिग्ध युवक कैद हुए हैं, जिनमें एक युवक नीली शर्ट पहने हुए दिखाई दे रहा है।
Raipur News: पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने में जुट गई है। दिनदहाड़े हुई इस चोरी से स्थानीय लोगों में दहशत है और लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब व्यस्त इलाके में ऐसी वारदात हो सकती है, तो आम जनता कितनी सुरक्षित है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




