राजधानी के इस इलाके में खेत में मिला युवक का शव, हत्या कर जलाने की कोशिश, इलाके में फैली सनसनी
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur Crime News: राजधानी रायपुर में एक बार फिर सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। विधानसभा थाना क्षेत्र के छपोरा गांव में अज्ञात व्यक्ति की हत्या कर शव को जलाने की कोशिश किए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया है। खेत में जली हुई अवस्था में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि, प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हत्या कही और करने के बाद शव को पहचान छुपाने की नीयत से खेत में जलाने का प्रयास किया गया। मृतक की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है।
Raipur Crime News: गौर करने वाली बात यह है कि राजधानी रायपुर में बीते दो महीनों के भीतर हत्या और हत्या के प्रयास की दर्जन से अधिक घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल विधानसभा थाना पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और गुमशुदगी के मामलों से भी शव की पहचान जोड़ने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस हत्या का खुलासा किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।




