चलती ट्रेन में धमाके से दहशत, एसी कोच में फटा अग्निशमन यंत्र
सीहो स्टेशन के पास बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में मचा हड़कंप, पाउडर फैलने से यात्रियों में अफरा-तफरी

पटना : दरभंगा से नई दिल्ली जा रही बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में उस वक्त यात्रियों की सांसें थम गईं, जब चलती ट्रेन के एसी कोच में अचानक जोरदार धमाका हुआ। गाड़ी संख्या 12565 के एम-1 एसी कोच में शौचालय के पास लगे अग्निशमन यंत्र के फटते ही पूरे कोच में पाउडर फैल गया और धुएं जैसा माहौल बन गया। यह घटना समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर रेलखंड पर सीहो स्टेशन के पास हुई।
धमाके की आवाज सुनते ही कोच में बैठे यात्री घबरा गए। कुछ पल के लिए लोगों को आग लगने या किसी बड़े हादसे की आशंका सताने लगी। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ। लेकिन अचानक फैले पाउडर और धुएं जैसे हालात ने यात्रियों को बुरी तरह सहमा दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही कोच अटेंडेंट राकेश कुमार ने रेलवे अधिकारियों को सूचित किया। ट्रेन के मुजफ्फरपुर स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ ने संबंधित कोच की जांच की। आरपीएफ इंस्पेक्टर मनीष कुमार के अनुसार, इसके बाद हाजीपुर पहुंचने पर भी कोच की गहन सुरक्षा जांच कराई गई। जांच में किसी तरह की साजिश या अन्य खतरे की पुष्टि नहीं हुई, लेकिन घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
यह हादसा एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करता है कि यात्री ट्रेनों में लगे सुरक्षा उपकरणों का नियमित रखरखाव, गुणवत्ता नियंत्रण और समय-समय पर तकनीकी जांच कितनी जरूरी है। जिस यंत्र से यात्रियों की जान बचाने की जिम्मेदारी होती है, अगर वही खतरा बन जाए, तो यह गंभीर चिंता का विषय है।
मुजफ्फरपुर में पहले भी जा चुकी है जान
यह पहली बार नहीं है जब अग्निशमन यंत्र के ब्लास्ट ने जानलेवा रूप लिया हो। 22 अप्रैल 2024 को वलसाड से मुजफ्फरपुर आई श्रमिक एक्सप्रेस में भी अग्निशमन यंत्र फट गया था। यह घटना मुजफ्फरपुर जंक्शन पर खड़ी ट्रेन में हुई थी। आग लगने की सूचना पर आरपीएफ जवान विनोद कुमार आग बुझाने पहुंचे थे। इसी दौरान यंत्र में विस्फोट हो गया, जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।




