आवारा कुत्तों की निगरानी करेंगे प्रोफेसर, सरकारी स्कूलों के बाद अब कॉलेज-यूनिवर्सिटी में सख्त निर्देश जारी
रायपुर। Raipur News: छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के बाद अब कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में भी आवारा कुत्तों की निगरानी को लेकर सख्ती शुरू कर दी गई है। इसके लिए उच्च शिक्षा विभाग ने सभी शासकीय-अशासकीय संस्थानों को दिशा निर्देश जारी किया है।
बता दें कि, जारी निर्देश के अनुसार अब प्रत्येक संस्थान में प्रोफेसर या सहायक प्रोफेसर को नोडल अधिकारी नियुक्त करना अनिवार्य है, जो कुत्तों की उपस्थिति पर नजर रखेगा और स्थानीय नगर निगम से समन्वय करेगा। नोडल अधिकारी का नाम, मोबाइल नंबर और हेल्पलाइन डिस्प्ले बोर्ड पर लगानी होगी, जिसकी फोटो व्हाट्सऐप पर उच्च शिक्षा विभाग को भेजनी होगी। फर्स्ट एड बॉक्स रखना, जागरूकता कार्यक्रम चलाना और खाद्य सामग्री को ढककर रखना भी जरूरी है। यह व्यवस्था छात्रों व स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी तथा परिसर में दुर्घटनाओं को रोकेगी।
Raipur News: वहीं उच्च शिक्षा आयुक्त कार्यालय, नवा रायपुर के अनुसार, यह आदेश सुप्रीम कोर्ट के Suo Moto Writ Petition (Civil) No. 05/2025 के निर्देशों के अनुपालन में जारी किया गया है। जिसमें कुल 13 बिंदुओं में संस्थानों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं, जिनमें निगरानी, सुरक्षा, स्वच्छता और आपात प्रतिक्रिया शामिल हैं।




