13 दिन की शादी, पहली ससुराल यात्रा… और मौत ने छीन ली खुशियां
फ्लाइओवर बना मौत का फंदा : रॉन्ग साइड से आए बालू लदे ट्रक ने युवक को कुचला, ट्रक के नीचे घसीटता ले गया
मुजफ्फरपुर : शादी के महज़ 13 दिन बाद ससुराल जा रहे एक युवक की खुशियों पर रविवार की देर शाम सड़क हादसे ने कहर बरपा दिया। मुजफ्फरपुर–दरभंगा फोरलेन पर सरफुद्दीनपुर उर्फ गोपालपुर फ्लाइओवर के पास रॉन्ग साइड से आ रहे बालू लदे ट्रक ने बाइक सवार युवक को बेरहमी से रौंद दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक ट्रक के नीचे फंस गया और कुछ दूर तक घसीटता चला गया। मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
ट्रक के नीचे फंसा रहा शव, मची अफरातफरी
हादसे के बाद ट्रक चालक और उपचालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही बोचहां थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। शव ट्रक के नीचे फंसा होने के कारण क्रेन मंगवाकर बाइक और शव को बाहर निकाला गया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।
मृतक की पहचान, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक की पहचान दरभंगा जिले के सिंहवारा थाना क्षेत्र के सिंहवारा गांव निवासी अनील महतो के 23 वर्षीय पुत्र पंकज कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद ससुराल पक्ष और परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर भेज दिया गया है।
रॉन्ग साइड से आ रहा था ट्रक
परिजनों ने बताया कि पंकज कुमार अपने घर से गरहां थाना क्षेत्र के रामपुर जयपाल गांव (ससुराल) जा रहा था। इसी दौरान मुजफ्फरपुर से दरभंगा की ओर जा रहा बालू लदा ट्रक रॉन्ग साइड में घुस गया और बाइक सवार को कुचल दिया।
शादी के बाद पहली ससुराल यात्रा थी
परिजनों के अनुसार, पंकज की शादी 1 दिसंबर 2025 को हुई थी। पत्नी वीणा पहली बार पति के ससुराल आने का इंतजार कर रही थी, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक खबर पहुंच गई। घटना की सूचना मिलते ही पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। खुशियों से भरा घर मातम में बदल गया।
ट्रक जब्त, आगे की कार्रवाई जारी
थानाध्यक्ष श्रीकांत चौरसिया ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया गया है। चालक-उपचालक की तलाश की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




