
भरगामा (अररिया) — थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 04 में गुरुवार तड़के भैंस चरा रहे 60 वर्षीय उपेंद्र हेंब्रम की अज्ञात अपराधियों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। बदमाश न सिर्फ उनकी दोनों भैंस लूटकर फरार हो गए, बल्कि उन्हें अधमरी हालत में खेत में छोड़ दिया। इलाज के लिए ले जाने के क्रम में उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस वारदात ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी है।
परिजनों के अनुसार, उपेंद्र हेंब्रम रोज की तरह करीब 4 बजे दो भैंस और उनके बच्चे को लेकर पश्चिम बहियार की ओर गए थे। कुछ देर बाद भैंस का बच्चा दौड़ते हुए घर पहुंचा, जिससे परिवार को अनहोनी की आशंका हुई। कुहासे के कारण खोजबीन में मुश्किल हुई, लेकिन मौसम साफ होने पर खेत से कराहने की आवाज सुनाई दी।
परिजन पहुंचे तो उपेंद्र गंभीर रूप से घायल पड़े थे। उनके सिर पर चाकू से वार किया गया था और शरीर पर पिटाई के गहरे निशान थे। बदमाश दोनों भैंस लेकर भाग चुके थे। उन्हें तत्काल भरगामा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया गया।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण वे मजबूरी में उपेंद्र को घर वापस लाए।
दोपहर करीब दो बजे उन्हें ऑटो से अररिया ले जाने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन घर के दरवाजे पर ही उनकी मौत हो गई।
सूचना पर भरगामा पुलिस और बाद में फारबिसगंज एसडीपीओ मुकेश कुमार साह पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाया। थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि तीन अज्ञात अपराधियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और सभी पहलुओं पर जांच चल रही है।




