
मुंगेर : मुंगेर जिले के गंगा पार स्थित भेलवा दियारा इलाके में बुधवार देर शाम पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में चार अवैध मिनीगन फैक्टरियों का पर्दाफाश हुआ। छापेमारी के दौरान एक हथियार निर्माता मो. फैयाज, निवासी मिर्जापुर बरदह, को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य हथियार कारोबारी अंधेरे और दियारा की भौगोलिक जटिलता का फायदा उठाकर फरार हो गए।
टीम ने छापेमारी स्थल से तीन निर्मित पिस्टल, दो अर्धनिर्मित पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, और चार बेस मशीन, ड्रिल मशीन, हैंड बेस मशीन, मैगजीन, तथा बड़ी मात्रा में हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए।
खुफिया इनपुट के आधार पर की गई कार्रवाई
एसडीपीओ सदर अभिषेक आनंद ने बताया कि बिंद टोली भेलवा दियारा में अवैध हथियार निर्माण की गुप्त सूचना मिली थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसटीएफ और मुफस्सिल थाना पुलिस की संयुक्त टीम को छापेमारी के लिए रवाना किया गया। टीम नाव से गंगा पार करते हुए दियारा के अंदर घुसी और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर फैक्टरियों पर कार्रवाई की।
फरार आरोपियों पर कसा शिकंजा
अधिकारी ने बताया कि फैक्टरी में हथियार का बड़े पैमाने पर निर्माण किया जा रहा था। फरार हथियार कारोबारियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। गिरफ्तार फैयाज के खिलाफ मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। छापेमारी टीम में एसडीपीओ अभिषेक आनंद, थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह, पुअनि मिथलेश कुमार सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे।




