
मधेपुरा : जिले के उदाकिशुनगंज अनुमंडल में संगठित मोबाइल चोरी गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने आलमनगर बाजार में किराये के एक कमरे से छापेमारी कर छह शातिरों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से चार दर्जन एंड्रॉयड स्मार्टफोन, 17,950 रुपये नकद और दो बाइक जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह अनुमंडल के विभिन्न बाजारों में भीड़भाड़ के दौरान ग्राहकों का मोबाइल चुराकर तुरंत फरार हो जाता था। बढ़ती घटनाओं पर एसपी संदीप सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए सर्किल इंस्पेक्टर संतोष कुमार गुप्ता के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई। रतवाड़ा के सोनामुखी निवासी वकील भगत की शिकायत के बाद अभियान को तेज किया गया।
छापेमारी के दौरान गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झारखंड के साहेबगंज जिला (राजमहल थाना क्षेत्र) के गंगा महतो, कृष्णा कुमार, भग्गा कुमार और गोपालपुर थाना क्षेत्र के राजेश चौधरी, जोशी महतो सहित कटिहार जिले के अमदाबाद थाना क्षेत्र के दीनानाथ चौधरी के रूप में की गई।
एसपी ने बताया कि गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। गिरफ्तार छह में से चार को न्यायिक हिरासत में भेजा गया, जबकि दो नाबालिगों को जेजेबी के निर्देश पर सुरक्षित गृह भेजा गया है।




