स्कूल नहीं कुत्तों की निगरानी में लगी प्राचार्यों की ड्यूटी, बच्चों की सुरक्षा के लिए शिक्षा विभाग ने जारी किए कड़े निर्देश
रायगढ़। Raigarh News: माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद छत्तीसगढ़ के शिक्षा विभाग ने स्कूल परिसर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को गंभीरता से लेते हुए कड़े कदम उठाने के आदेश जारी किए हैं। इसी कड़ी में रायगढ़ जिले में भी स्कूलों को सतर्क रहने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि, प्रत्येक स्कूल के प्राचार्य और संस्था प्रमुख को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जो स्कूल परिसर के आसपास मौजूद आवारा कुत्तों की जानकारी स्थानीय निकाय- नगर पालिका, नगर निगम, नगर पंचायत या संबंधित ग्राम पंचायत को तुरंत देंगे ताकि समय पर कार्रवाई हो सके।
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. के. वी. राव ने कहा कि, शिक्षकों को भी निर्देशित किया गया है कि, यदि परिसर में कुत्तों की आवाजाही दिखाई देती है, तो इसकी सूचना वे तत्काल स्थानीय निकाय के प्रतिनिधियों तक पहुंचाएं, जिससे बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।साथ ही स्कूलों को बच्चों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने, परिसर में कुत्तों के प्रवेश को रोकने तथा किसी भी बच्चे को घायल होने की स्थिति में उसे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
Raigarh News:रायगढ़ शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में सभी प्राचार्यों व शिक्षकों को जिम्मेदारी के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।




