धान खरीदी केंद्रों में मिलरों की लापरवाही आई सामने, केंद्रों में भेजे जा रहे फटे–पुराने बारदाने, बढ़ी किसानों की परेशानी
नरहरपुर। CG Dhan Kharidi: बासनवाही और आसपास के धान खरीदी धान खरीदी केंद्रों में इस बार राइस मिलरों की लापरवाही खुलकर सामने आ रही है। केंद्रों में भेजे जा रहे बारदानों की गुणवत्ता बेहद खराब है, जिसके कारण किसानों को खरीदी प्रक्रिया के दौरान भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों और सहकारी विभाग के कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि मिलरों ने फटे, पुराने और धान भरने के लायक भी नहीं रहने वाले बारदाने सप्लाई किए हैं।
लेम्प्स बासनवाही के प्राधिकृत अधिकारी एवं अध्यक्ष कमलेश नेताम ने बताया कि धान खरीदी शुरू हुए 10 दिन बीत चुके हैं, लेकिन खरीदी अभी भी रफ्तार नहीं पकड़ सकी है। उन्होंने बताया कि सोसायटी के कर्मचारी हड़ताल खत्म कर वापस काम पर लौट आए हैं, लेकिन राजस्व विभाग द्वारा चार्ज न देने के कारण खरीदी प्रक्रिया में देरी हो रही है।
किसान थानसिंग साहू ने बताया कि, खराब बारदानों के कारण धान की तुलाई में लगातार दिक्कतें आ रही हैं। कई बारदाने वजन भरते ही फट जा रहे हैं, जिससे धान के नुकसान का डर बना हुआ है और खरीदी का काम बार-बार रुक रहा है। वहीं किसान लखन लाल साहू का कहना है कि, हर साल बारदाने की समस्या की शिकायतें होती रही हैं, लेकिन इस बार स्थिति और ज्यादा गंभीर हो चुकी है। सहकारी विभाग के कर्मचारियों ने भी पुष्टि की है कि राइस मिलरों द्वारा भेजे गए बारदाने मानक के अनुरूप नहीं हैं।
CG Dhan Kharidi: किसानों और कर्मचारियों ने प्रशासन से मांग की है कि वह तत्काल हस्तक्षेप कर राइस मिलरों द्वारा भेजे जा रहे बारदानों की गुणवत्ता की जांच कराए। साथ ही मानक के अनुसार नए, मजबूत और उपयोगी बारदाने उपलब्ध कराए जाएँ, ताकि धान खरीदी की प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी रह सके।




