सनकी दामाद ने दबिया से सास को खेत में काट डाला, बचाने आई बेटी को भी किया लहूलुहान
मनियारी के चैनपुर वाजिद की घटना; मामूली पैसे के विवाद में की बेरहमी से हत्या, आरोपी मो. नौशाद फरार
मनियारी. मनियारी थाना क्षेत्र के चैनपुर वाजिद वार्ड संख्या 10 में सोमवार की सुबह दिल दहला देने वाली वारदात हुई. आगानगर गांव निवासी सनकी दामाद मो. नौशाद ने अपनी सास पर दबिया से ताबड़तोड़ हमला कर मौत के घाट उतार दिया. मृतका की पहचान 64 वर्षीय शकीला खातून, पत्नी स्व. मोतीउर रहमान के रूप में की गई है.
अपनी मां पर हमला देख बचाने दौड़ी 22 वर्षीय बेटी बबली पर भी आरोपी जीजा ने हमला कर दिया. वह गंभीर रूप से घायल हो गई. उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आरोपी वारदात के बाद अमरख गांव की ओर फरार हो गया.
थानेदार जय प्रकाश गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
पैसे के विवाद में ली जान
मृतका की बेटी ने बताया कि नौशाद अकसर सास से पैसे की मांग करता था और न देने पर मारपीट करता था. दो दिन पहले भी उसने सास से झगड़ा किया था. सोमवार की सुबह जब शकीला खेत में धान का बोझा बांध रही थी, तभी नौशाद दबिया लेकर पहुंचा और गर्दन पर वार कर दिया. मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
पहले भी कर चुका है हमला
थानेदार ने बताया कि मृतका ने कुछ दिन पहले अपने दामाद की हरकतों से परेशान होकर पुलिस में शिकायत की थी. करीब 20 दिन पहले आरोपी को हिरासत में लेकर चेतावनी के बाद पीआर बांड पर छोड़ दिया गया था.
ग्रामीणों ने बताया कि नौशाद पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. हाल ही में उसने अपने चाचा पर चाकू से हमला किया था और जेल से बेल पर बाहर आया था.
गांव में मातम, न्याय की मांग
घटना के बाद गांव में शोक की लहर है. समाजसेवी मो. रेहान, सरपंच अबू जफर उर्फ काले, पूर्व पंसस मो. चांद, मो. एहसानुल हक और बाबू साहेब सहित कई जनप्रतिनिधि पहुंचे. सभी ने परिजनों से मिलकर सांत्वना दी और पुलिस प्रशासन से न्याय दिलाने की मांग की.




