अनियंत्रित होकर नदी में गिरी सवारियों से भरी ऑटो, हादसे में 2 लोगों की मौत, कई घायल
कोरिया। Koriya News: कोरिया जिले के बैकुंठपुर जनपद से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। सोमवार की रात करीब 10 बजे झरनापारा के पंडोपारा से लौट रही महिलाएं उस वक्त हादसे का शिकार हो गई, जब उनका ऑटो अनियंत्रित होकर छिंदिया के आश्रित ग्राम नकटापारा की नदी में जा गिरा। बताया जा रहा है कि, इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई।
बताया गया कि, सभी महिलाएं दशगात्र के कार्यक्रम से लौट रही थी। इस दौरान ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर काफी ऊंचाई से नीचे नदी में गिर गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में देवरानी-जेठानी फूलकुवार और वीरकुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों को जिला अस्पताल बैकुंठपुर लाया गया, जहां इलाज के दौरान वीरकुमारी की बुधवार सुबह मौत हो गई। हादसे में कुल 14 महिलाएं घायल हुई हैं, जिनमें पूर्व सरपंच हीरा कुमारी सहित कई ग्रामीण महिलाएं शामिल हैं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज जारी है।
Koriya News: मामले में झरनापारा के सरपंच प्रीत कुमार पैकरा ने बताया कि हादसे की रिपोर्ट पटना थाना में दर्ज कराई गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग की स्थिति खराब है और नदी पार सुरक्षा इंतज़ामों की कमी के कारण यह दुर्घटना हुई। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाएं दोबारा न हो।




