रफ्तार का कहर… तेज रफ्तार बस ने स्कूटी सवार को मारी टक्कर, मौके पर ही युवक की मौत
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur accident: राजधानी रायपुर से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है जहां कलेक्ट्रेट चौक के पास एक्टिवा सवार युवक को एक तेज़ रफ़्तार बस ने जोरदार ठोकर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस घड़ी चौक से तेलीबांधा की ओर जा रही थी, तभी अचानक एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवक सड़क पर गिर पड़ा और बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। लोगों ने तत्काल 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस को मौके पर पहुंचने में करीब एक घंटे की देरी हुई। इस दौरान स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन पर नाराजगी भी देखी गई।
Raipur accident: बता दें ये उसी चौक में दूसरी घटना है इसके ठीक 3 महीना पहले ऑटो और कार में भिड़ंत होने से ऑटो चालक की मौत हुई थी। बहरहाल अभी मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवा दिया है और फरार बस चालक की तलाश शुरू कर दी है। यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। हादसे के बाद से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।




