अलग-अलग थानों से 500 किलो गांजा जब्त, SSP की मौजूदगी में लाखों के डोडा समेत मादक पदार्थ किए नष्ट

हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur News: 10 अक्टूबर शुक्रवार दोपहर 2 बजे रायपुर पुलिस ने जिले के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किए गए करीब 500 किलो मादक पदार्थों को आज विधिसम्मत तरीके से नष्ट किया। रायपुर जिले की ड्रग डिस्पोजल कमेटी की देखरेख में यह कार्रवाई की गई। यह नष्टीकरण कार्य एनडीपीएस अधिनियम में निहित प्रावधानों और गृह मंत्रालय, भारत सरकार तथा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के निर्देशों के अनुरूप किया गया।
इस कार्रवाई में पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह अध्यक्ष के रूप में मौजूद रहे। यह पूरी प्रक्रिया सिलतरा स्थित एक निजी पावर प्लांट में संपादित की गई, जहां सुरक्षा और पर्यावरण मानकों का पूर्ण पालन किया गया।
Raipur News: जिला रायपुर के कुल 60 एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त 480.536 किलोग्राम गांजा और 18.700 किलोग्राम डोडा चूरा यानि कुल 499.236 किलोग्राम मादक पदार्थ को पर्यावरण विभाग की अनुमति के बाद पावर प्लांट की भट्ठी में जलाकर नष्ट किया गया। यह कार्रवाई समाज में नशे के दुष्प्रभावों के खिलाफ पुलिस की सख्त प्रतिबद्धता को दर्शाती है।






