
कैमूर : बिहार के कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र में एनएच-19 पर गुरुवार भोर करीब 4:30 बजे सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में झारखंड के जिला सराय केला के मुस्लिम अंसारी (48), रोहतास के मुन्ना अंसारी (45) और नेकरा गांव निवासी रजिया खातून (60) शामिल हैं।
घायल सात लोगों में महिलाएं, बच्चे और पुरुष शामिल हैं। सभी को स्थानीय अस्पताल भभुआ में भर्ती के बाद गंभीर स्थिति में वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस ने बताया कि हादसा वाहन का संतुलन बिगड़ने के कारण हुआ। दुर्घटनाग्रस्त लोग सासाराम के नेकरा गांव से यूपी के किछौछा शरीफ जियारत करने जा रहे थे।
घटना की जानकारी मिलते ही एनएचएआई व पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। शवों को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है तथा पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हादसे की सूचना से गांव में मातम का माहौल है। परिजनों को भी जानकारी दी गई और कई लोग निजी व्यवस्था से मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि सड़क किनारे बिना चेतावनी संकेत के खड़ा कंटेनर भी दुर्घटना का कारण बना।




