राजधानी में नाइजीरियन युवक ने मचाया उत्पात, मोबाइल लूटकर हुआ फरार, लोगों को की कार से कुचलने की कोशिश
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur News: राजधानी रायपुर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां मौदहापारा थाना क्षेत्र में एक मोबाइल दुकान से मोबाइल लूटकर एक नाइजीरियन युवक फरार हो गया। जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक मोबाइल सुधारवाने दुकान पर आया था। लेकिन मोबाइल देने के बाद जब भुगतान की बारी आई तो उसने दुकानदार और उसके बेटे से विवाद शुरू कर दिया। मामला इतना बढ़ गया कि, आरोपी युवक ने दोनों के साथ जमकर मारपीट की और फिर मोबाइल छीनकर भाग निकला।
वहीं भागते समय आरोपी ने अपनी कार से कई लोगों को कुचलने की कोशिश की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान कई लोग घायल भी हो गए। घटना के बाद मोबाइल दुकान संचालक समेत पीड़ित लोग मौदहापारा थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी।
Raipur News: स्थानीय लोगों की सतर्कता से आरोपी के साथ मौजूद एक अन्य नाइजीरियन युवक को पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया। फिलहाल मुख्य आरोपी युवक फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस वारदात के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बन गया था।




