बैंक सीएसपी संचालक श्रवण यादव की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, इलाके में हड़कंप
नीमबाड़ी बाजार में आम जनता के सामने बदमाशों की अंधाधुंध फायरिंग, पुलिस ने दो की पहचान, जल्द गिरफ्तारी का दावा

सीतामढ़ी : सीतामढ़ी जिले के चोरौत थाना क्षेत्र के नीमबाड़ी बाजार में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे बैंक ऑफ इंडिया के सीएसपी संचालक श्रवण कुमार यादव (मधुबनी, मधवापुर थाने के बासुकी दुर्गापट्टी गांव निवासी) की दुकान पर तीन बाइक सवार अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। श्रवण के पेट, छाती समेत चार हिस्सों में गोली लगने से उनकी मौत हो गई। उन्हें स्थानीय सीएचसी ले जाया गया लेकिन वहां से सदर अस्पताल, फिर निजी क्लिनिक रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान में तेजी आई है। फुटेज में तीनों अपराधियों के चेहरे खुले थे। एक बाइक पर बैठा रहा, बाकी दो दुकान में घुसे और श्रवण को गोली मारी। घटना के बाद बदमाश भाग निकले।
हत्या के विरोध में स्थानीय लोगों ने चोरौत-पुपरी पथ जाम कर दिया। सूचना पर एसपी अमित रंजन, एसडीओ गौरव कुमार, डीएसपी सुनीता कुमारी समेत कई अधिकारी पहुंचे, पुलिस ने स्थानीय लोगों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया और जाम समाप्त कराया। एसपी के मुताबिक, मामले में दो अपराधियों की पहचान हो चुकी है तथा घटना के पीछे आपसी रंजिश की संभावना है, लूटपाट नहीं हुई। पुलिस वाहन चेकिंग व छापेमारी में जुटी है।
मृतक के परिवार में दो बेटे और एक बेटी है। घटना से इलाके में सनसनी है और पुलिस लगातार जांच-पड़ताल और अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर सक्रिय है।




