लेन-देन का था विवाद, दोस्त के सिर में पिस्टल सटाकर चला दी गोली
केडियापट्टी निवासी नीरज की सिर में सटाकर हत्या, दोस्त पर हत्या का आरोप; पुलिस व एफएसएल टीम मौके पर

जाेगबनी : अररिया जिले के जोगबनी बाजार में रविवार को अहले सुबह एक युवक की सिर में पिस्टल सटाकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान आरएस थाना क्षेत्र के केडियापट्टी वार्ड संख्या चार निवासी नीरज गुप्ता (24) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मृतक का अपने दोस्त से किसी लेन-देन व आपसी विवाद को लेकर विवाद चल रहा था।
मृतक के भाई ईश्वर गुप्ता ने बताया कि देर रात तक नीरज अपने दोस्तों के साथ था, उसी दौरान जोगबनी में दोस्त द्वारा सिर में गोली मार दी गई। घटना की सूचना मिलने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे फारबिसगंज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
मौके पर पहुंचे जोगबनी थानाध्यक्ष राजीव कुमार आजाद ने कहा कि पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जमा किए हैं। एसडीपीओ मुकेश साह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल, पुलिस ने हत्यारोपित दोस्त की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद की बात सामने आई है और मृतक से जुड़े दो अन्य दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।




