बाइक-कार छूने के मामूली विवाद में मासूम की हत्या, अपराधी फरार, पुलिस ने शुरू की छापेमारी
ताजपुर, समस्तीपुर में दो बाइक पर सवार अपराधियों ने घर में घुसकर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें दो साल के मासूम मोहम्मद आरिब की मौत हो गई. पुलिस ने मामले की जांच और अपराधियों की तलाश के लिए छापेमारी तेज कर दी है, जबकि इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है.

ताजपुर, समस्तीपुर : समस्तीपुर के ताजपुर थाना क्षेत्र के आहर वार्ड 23 में मंगलवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात हुई, जब चार अपराधी दो बाइक पर सवार होकर मोहम्मद आरिब के ननिहाल पहुंचे और घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली खेलते हुए मासूम आरिब के सिर में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. परिजन उसे तुरंत समस्तीपुर सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मामले की जड़ दो दिन पहले हुए एक मामूली विवाद में है—बाजार में आरिब के मामा की बाइक एक कार से हल्की टकरा गई थी, जिससे कार में खरोंच आ गई. कहासुनी, मारपीट और धमकी तक मामला पहुंचा, लेकिन तब स्थानीय लोगों ने बीच बचाव कर दिया था. इस घटना का बदला लेने के लिए ही मंगलवार की रात अपराधियों ने फायरिंग की.
वारदात के बाद आरोपी हवा में गोली चलाते हुए इलाके से फरार हो गए. सूचना मिलने पर ताजपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की; अन्य थानों की पुलिस भी बुला ली गई. डीएसपी संजय पांडेय ने मौके का मुआयना कर पुष्टि की कि घटना बाइक-कार विवाद का नतीजा है और पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सक्रिय छापेमारी कर रही है.
घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है, ग्रामीण प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग कर रहे हैं. पुलिस ने सभी अपराधियों की पहचान कर ली है और जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई है.




