स्कूटी सवार दंपति को ट्रक ने रौंदा, पत्नी की मौत, पति घायल
औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र में एनएच 19 पर मंगलवार को ट्रक ने स्कूटी सवार दंपति को कुचल दिया। हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के विरोध में आक्रोशित लोगों ने हाईवे जाम कर मुआवजे और सड़क सुधार की मांग की।
औरंगाबाद : बारुण थाना क्षेत्र के ब्लॉक मोड़ के पास मंगलवार को दर्दनाक हादसा हुआ। खैरा गांव निवासी भुनेश्वर सिंह और उनकी पत्नी दुलारी देवी (55) स्कूटी से डेहरी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। हादसे में दुलारी देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भुनेश्वर सिंह घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और शव को सड़क पर रखकर एनएच-19 जाम कर दिया। परिजनों और ग्रामीणों ने बंद क्रॉसिंग खोलने और खैरा से ब्लॉक मोड़ तक बाइपास निर्माण की मांग उठाई।
सूचना पर सीओ मंजेश कुमार, थानाध्यक्ष रंजीत कुमार समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद जाम समाप्त हुआ।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और ट्रक चालक की तलाश जारी है।




