बेटी की मौत के 11 दिन बाद SSP ऑफिस के चक्कर काट रहा बेबस पिता, लगाई न्याय की गुहार
हिमांशु पटेल /
रायपुर। Raipur News: ‘साहब FIR तो कर दीजिये’, ये गुहार एक पिता की है, बेटी को दुनिया से अलविदा हुए 11 दिन बीत गए, शरीर में जख्म साफ कह रहा हत्या हुई है, लेकिन आज 11 दिन बीत जाने के बाद भी एक पिता रायपुर ssp दफ्तर पहुँच न्याय की गुहार लगा रहा है।
क्या है पूरा मामला
दरअसल, यह पूरा मामला रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है। यहां पुलिस पर एक विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। बताया गया कि 28 अगस्त को ढेबर सिटी इलाके में विवाहिता का शव संदिग्ध हालात में मिला था। मृतका के परिजन लगातार कई दिनों से थाने के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें कोई ठोस कार्रवाई की जानकारी नहीं दी गई।
वहीं इस मामले पर परिजनों का आरोप है कि, मृतका के पति फिरोज अंसारी और सास रेहाना खातून ने मारपीट कर उसकी हत्या की है। उनका कहना है कि शव पर जगह-जगह चोट के निशान थे। चेहरा खून से लथपथ था और नाक पर गंभीर चोट के निशान साफ दिखाई दे रहे थे। वहीं ससुराल पक्ष इस मौत को आत्महत्या बता रहा है।
किसी और ने दी थी बेटी की मौत की सूचना
Raipur News: गंभीर सवाल यह भी है कि, बेटी की मौत की सूचना परिजनों को दामाद ने नहीं बल्कि किसी और व्यक्ति ने दी। यहां तक की परिवार को फोन कर भी जानकारी नहीं दी गई। परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि अब तक शॉर्ट पीएम रिपोर्ट तक की जानकारी उन्हें उपलब्ध नहीं कराई गई। वहीं मीडिया को मिले वीडियो में मृतका के शरीर पर चोट और खून के निशान साफ नजर आ रहे हैं। अब परिजनों ने न्याय की मांग करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है।





