खौफनाक मंजर : दिनदहाड़े खुश्कीबाग हाट में ताबड़तोड़ फायरिंग, 19 साल का युवक गोली से छलनी!
रंगदारी वसूली व अवैध कारोबार को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, 19 वर्षीय सूरज को पैर में लगी दो गोली, GMCH में भर्ती

पूर्णिया. सोमवार की सुबह शहर का खुश्कीबाग हाट गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। सब्जी मंडी में वर्चस्व की जंग इस कदर भड़की कि दो सौ से ज्यादा लोगों ने ओवरब्रिज के नीचे धावा बोल दिया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में 19 वर्षीय सूरज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे दो गोलियां दाहिने पैर में लगीं और आनन-फानन में जीएमसीएच पहुंचाया गया।
मंडी पर कब्जे की जंग
यह विवाद कोई नया नहीं है। खुश्कीबाग हाट में वर्षों से रंगदारी और अवैध कारोबार का खेल चलता आ रहा है। स्थानीय निवासी निकेश कुमार महतो उर्फ पोलु ने हाल ही में एक संगठन बनाया और रंगदारी वसूली का विरोध किया। इसी का अंजाम सोमवार को दिनदहाड़े खून-खराबे के रूप में सामने आया।
निकेश का दावा है कि हमलावरों का असली निशाना वही थे, लेकिन वह झुककर बच निकले। सूरज भागने की कोशिश में था कि हमलावरों की गोलियां उसके पैर में धंस गईं।
हाट में खून और कारोबार की गाथा
निकेश का आरोप है कि विरोधी गुट सब्जी किसानों से रंगदारी वसूलता है, जुआ और लॉटरी के धंधे भी चलाता है। यह पहली बार नहीं है—करीब छह साल पहले भी हाट पर वर्चस्व को लेकर राजू खान नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस चौकन्नी, शिकायत दर्ज
घायल सूरज केला की आढ़त पर अपने पिता और भाई के साथ कारोबार करता है। गोलीबारी के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। सदर थाना और कटिहार मोड़ टीओपी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। घायल पक्ष की ओर से थाना में लिखित शिकायत दी गई है।




