शर्मनाक… ऑपरेशन थिएटर से प्रसूता का निजी वीडियो वायरल, स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप
पेंड्रा। Pendra News: जिला अस्पताल गौरेला पेड्रा मरवाही में प्रसव के लिए पहुंची प्रसूता का ऑपरेशन थिएटर से निजी वीडियो सोशल मीडिया में वायरल किये जाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है।।वीडियो के सामने आने के बाद पूरे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। वहीं इस मामले में आलाअधिकारी मामले को गम्भीर बताते हुए जांच और दोषी पर कड़ी कार्रवाई किए जाने की बात कर रहे हैं। लेकिन, इस पूरे मामले से नाराज पीड़ित परिवार ने गौरेला थाने में FIR भी दर्ज करा दिया है।
दरअसल, यह पूरा मामला गौरेला पेंड्रा मरवाही जिला अस्पताल का है। जहां एक आदिवासी महिला कोरबा जिले से प्रसव करवाने के लिए जिला अस्पताल आई थी। लेकिन महिला का ऑपरेशन थियेटर में प्रसव के दौरान का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया है। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों में हड़कंप मच गया, जिसके बाद पीड़ित महिला के पति ने मामले की लिखित शिकायत गौरेला थाने पहुंचकर की। जिसके बाद पुलिस ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पीड़िता के पति की शिकायत दर्ज की।
Pendra News: इस मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग के सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक (सिविल सर्जन ) डॉ देवेंद्र सिंह पैकरा ने जांच टीम गठित कर जांच कराने की बात कहते हुए मामले की पुष्टि भी की है कि जो वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है जिला अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर का ही है। वही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओम चंदेल ने बताया कि, पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है बेहद ही संगीन मामला है ,जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।




