पटना बाइपास पर दूध टैंकर पलटा, छह लोग घायल; दूध लूटने उमड़ी भीड़
सिपारा पुल के पास बड़ा हादसा, ऑटो और बाइक टैंकर के नीचे दबे, सड़क पर बहा सैकड़ों लीटर दूध
फुलवारी शरीफ, पटना. पटना बाइपास पर सिपारा पुल के पास बड़ा हादसा हो गया। दूध से भरा एक बड़ा टैंकर तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक ऑटो रिक्शा और मोटरसाइकिल उसकी चपेट में आ गए। ऑटो पर सवार पांच यात्री और बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह टैंकर पीडीपी फुलवारी शरीफ के लिए दूध लेकर जा रहा था। मोड़ पर चालक का नियंत्रण हट गया और टैंकर अचानक पलट गया। पलटते ही सड़क पर दूध फैल गया और चारों तरफ दूध की सफेद धार बहने लगी।

हादसे के बाद ऑटो और मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने घायलों को बाहर निकाला। इस दौरान कई लोग दूध को बचाने के बजाय बाल्टी और डिब्बे लेकर सड़क से दूध भरने में जुट गए।
सूचना मिलते ही बेउर थाना पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर जाम खुलवाया। वहीं पीडीपी के तकनीकी कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
इस दुर्घटना की वजह से बाइपास पर कई घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। अचानक हुए इस हादसे ने लोगों को दहशत में डाल दिया।




