शिप्रा में नदी में गिरी पुलिसकर्मियों से भरी कार, TI का मिला शव, SI और कॉन्स्टेबल की तलाश जारी
उज्जैन। Ujjain News: मध्यप्रदेश के उज्जैन से एक बड़ी खबर सामने आ रही है जहां शिप्रा नदी पर बने बिना रैलिंग वाले पुल पर रात में तीन पुलिसकर्मियों से सवार कार नदी में जा गिरी। जिसमें थाना प्रभारी का शव मिला है, वहीं अन्य दो पुलिसकर्मियों की तलाश की जा रही है। इस घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, तीनों पुलिसकर्मी उज्जैन से चिंतामन के लिए निकले थे। वे एक लड़की के लापता होने के मामले में जांच करने जा रहे थे। इस दौरान देर रात कार पुल पर पहुंचते ही असंतुलित हो गई। रेलिंग नहीं होने की वजह से कार नीचे नदी में जा गिरी। पानी का बहाव इतना तेज था कि नदी में गिरते ही कार डूब गई।
वहीं सूचना मिलते ही एसपी प्रदीप शर्मा, निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा, अपर आयुक्त संतोष टैगोर, एसडीईआरएफ, होमगार्ड, नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। लेकिन, रात डेढ़ बजे अंधेरा ज्यादा होने के चलते रेस्क्यू रोक दिया गया था। जिसे आज सुबह 7 बजे दोबारा शुरू किया गया।
Ujjain News: एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि कार ब्रिज के लेफ्ट साइड से नीचे गिरी। नदी पुल से करीब 12 फीट नीचे है। पानी का बहाव अधिक होने से सर्चिंग में परेशानी आ रही है। करीब 15 घंटे से एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और होमगार्ड की टीम बोट से और ड्रोन से कार की सर्चिंग कर रहे हैं। वहीं तीनों पुलिसकर्मियों की पहचान उन्हेल थाना प्रभारी अशोक शर्मा के रूप में हुई है। बाकी दो लोगों के नाम एसआई मदनलाल और कॉन्स्टेबल आरती पाल के रूप में हुई है। जिसमें से थाना प्रभारी अशोक शर्मा का शव बरामद कर लिया गया है जबकि, अन्य दो पुलिसकर्मियों की तलाश जारी है। इस घटना ने पूरे पुलिस महकमे को सदमे में डाल दिया है।




